बिलासपुर : वनाग्नि रोकथाम को लेकर बेलगहना में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला..वन समितियों को दी गई आग से बचाव और वन संरक्षण की विस्तृत जानकारी..

बिलासपुर।वनों को आग से सुरक्षित रखने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से 5 फरवरी 2026 को वन परिक्षेत्र बेलगहना में वनाग्नि से बचाव हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वनमण्डल अधिकारी बिलासपुर के निर्देशानुसार, उपवनमण्डल अधिकारी कोटा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि श्रीमती उर्मिला प्रधान, सभापति स्थायी वन एवं पर्यावरण समिति, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री जोसे लाल, अध्यक्ष, वन समिति द्वारा की गई।

🔥 वनों को आग से बचाने पर विशेष जोर..

कार्यशाला के दौरान वनों में लगने वाली आग से होने वाली पर्यावरणीय, आर्थिक और जैव विविधता संबंधी क्षति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा वन समिति के सदस्यों को वनाग्नि की रोकथाम, समय पर सूचना देने, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई।

अवैध कटाई-चराई पर रोक और संरक्षण की समझाइश..

प्रशिक्षण में वनों को अवैध कटाई, अवैध चराई और आगजनी से बचाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही वनों के संरक्षण और संवर्धन में वन समितियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे वन संपदा की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

वन समितियों और कर्मचारियों की रही सक्रिय भागीदारी..

इस अवसर पर विभिन्न वन समितियों के अध्यक्ष, वन परिक्षेत्र बेलगहना के समस्त वन कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने वनों को आग से सुरक्षित रखने और संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।