

बिलासपुर। दिनांक 3 फ़रवरी 2026 को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक (PCCF & CWLW) के मार्गदर्शन में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के अधिकारियों की एक टीम ने अचानकमार टाइगर रिज़र्व (ATR) का दौरा किया। इस अवसर पर ADB प्रतिनिधिमंडल द्वारा रिज़र्व में संचालित विभिन्न वन्यप्राणी संरक्षण एवं प्रबंधन गतिविधियों का गहन अवलोकन किया गया।
भ्रमण के दौरान टीम ने वर्तमान वित्तीय आवश्यकताओं, संसाधन अंतरालों का आकलन करते हुए वन्यजीव प्रबंधन एवं प्राकृतिक आवास संरक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एवं फील्ड डायरेक्टर, ATR, उप संचालक, सहायक संचालक (कोर) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ADB अधिकारियों को रिज़र्व में संचालित प्रमुख संरक्षण पहल, समुदाय आधारित प्रबंधन मॉडल, ईको-डेवलपमेंट गतिविधियों एवं वैज्ञानिक निगरानी प्रणालियों की जानकारी दी गई।
यह बैठक ATR प्रबंधन एवं ADB के बीच तकनीकी सहयोग और रणनीतिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
WWF के सहयोग से फील्ड स्टाफ का रिफ़्रेशर प्रशिक्षण..
ADB भ्रमण के पश्चात इंटरप्रिटेशन सेंटर, शिवतराई में प्रथम पाली में अचानकमार टाइगर रिज़र्व प्रबंधन एवं WWF-India के संयुक्त तत्वावधान में AITE-2026 (चरण-1) के अंतर्गत लैंडस्केप स्तर का रिफ़्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ATR एवं मरवाही वन मंडल के फील्ड स्टाफ के लिए आयोजित किया गया।
WWF-India की ओर से उपेंद्र दुबे (सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर) एवं डॉ. अनुराग विश्वकर्मा (वरिष्ठ परियोजना अधिकारी) ने मास्टर ट्रेनर के रूप में लाइन ट्रांजेक्ट सर्वे के दौरान शाकाहारी एवं मांसाहारी वन्यप्राणियों की प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष पहचान, वनस्पति पहचान, डेटा संग्रहण तथा कैमरा ट्रैपिंग तकनीक पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
वहीं ATR की ओर से बृजभूषणदास मानिकपुरी (वनपाल) एवं भूपेंद्र कौशिक (GIS सेल) द्वारा एम-स्ट्राइप्स मोबाइल एप, डिजिटल कम्पास, रेंज फाइंडर सहित आधुनिक तकनीकी उपकरणों के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही ATR में नव नियुक्त 10 वनरक्षकों को वन्यप्राणी संरक्षण एवं प्रबंधन से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में अचानकमार टाइगर रिज़र्व प्रबंधन एवं मरवाही वन मंडल के समस्त संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं मैदानी अमला बड़ी संख्या में उपस्थित रहा।




