पोल्ट्री फार्म के पीछे पूर्व सरपंच की निर्मम हत्या, तालाब में फेंकी स्कूटी..

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चोरभट्ठी कला में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चोरभट्ठी खुर्द के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी है। उनका खून से लथपथ शव गांव के पोल्ट्री फार्म के पीछे तालाब की मेढ़ में मिला। घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

देर रात से थे लापता, सुबह मिला शव..

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच मनबोध यादव बुधवार रात करीब 8 बजे अपनी स्कूटी से घूमने के लिए घर से निकले थे। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। गुरुवार सुबह परिवार और पड़ोसियों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान उनका शव पड़ोसी ग्राम चोरभट्ठी कला में एक मुर्गा फार्म हाउस के पीछे तालाब की मेढ़ पर मिला। ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शराब पार्टी में हुआ विवाद? पुलिस को हत्या में कई लोगों पर शक..

जिस स्थान पर शव मिला है, वह जगह अक्सर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगता है। शव के आसपास डिस्पोजल ग्लास, शराब की बोतलें सहित अन्य सामान मिले हैं।

सूत्रों के हवाले से आशंका जताई जा रही है कि मृतक के साथ बैठे लोगों ने ही किसी विवाद में उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस तालाब की मेढ़ पर शव मिला, उसी तालाब में पूर्व सरपंच की स्कूटी भी फेंक दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या में कई लोगों की संलिप्तता की आशंका है और पुलिस सभी पहलुओं की तफ्तीश कर रही है।