

बिलासपुर। बेलगहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक के पास से 17 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग में रखी हुई थी। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए रकम को जब्त कर लिया है और इसके स्रोत की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को चौकी बेलगहना पुलिस और ए.सी.सी.यू. बिलासपुर की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध विवेचना के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में दो सूटकेस और एक बैग के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग में रखे 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 17,90,000 रुपये है।
पुलिस ने उक्त रकम को धारा 106 बीएनएसएस के तहत संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से रकम के स्रोत के संबंध में पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह राशि किसी अपराध से जुड़ी है या नहीं।
इस पूरी कार्रवाई में बेलगहना चौकी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।



